गौतमबुद्धनगर: नोएडा में दिनदहाड़े महिला से चेन लूट, बदमाशों का पीछा करती दौड़ी पीड़िता; CCTV में कैद हुई घटना!!
दो टूक//नोएडा। उत्तर प्रदेश की शो विंडो कहे जाने वाले नोएडा में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के सेक्टर-12 स्थित ओ-ब्लॉक में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। वारदात के बाद महिला ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया और आसपास के लोगों से “पकड़ो-पकड़ो, बाइक को पकड़ो” कहकर मदद की गुहार लगाई।
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने घर के बाहर मौजूद थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देकर तेजी से आगे की ओर भाग निकले। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और शोर मचाकर लोगों को उन्हें पकड़ने के लिए आवाज लगाई।
बताया जा रहा है कि बदमाश बाइक से आगे गली में पहुंचे, लेकिन रास्ता बंद होने के कारण उन्हें आगे जाने का रास्ता नहीं मिला। इसके बाद बदमाश बाइक को दूसरी तरफ मोड़कर मौके से फरार हो गए। इस दौरान महिला लगातार बदमाशों के पीछे दौड़ती रही और उन्हें पकड़ने के लिए लोगों से मदद मांगती रही।
पूरी घटना के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर-24 पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की तलाश कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद सेक्टर-12 ओ-ब्लॉक के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मोबाइल और चेन झपटमारी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस को गश्त और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है।।
