।।सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
दो टूक ,आजमगढ़। जिले में वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब आरटीओ कार्यालय आजमगढ़ में वाहनों का फिटनेस नहीं किया जाएगा। सरकार की मंशा के अनुरूप वाहनों की फिटनेस के लिए ऑटोमैटिक टेस्टिंग व्यवस्था लागू किए जाने की प्रक्रिया के तहत यह बदलाव किया गया है।
अब वाहन स्वामियों को फिटनेस कराने के लिए इटौरा जेल के सामने स्थित सृष्टि मैन पावर सॉल्यूशन जाना होगा। यहां 14 सितंबर से वाहनों की फिटनेस जांच का कार्य निजी स्तर पर शुरू कर दिया गया है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) आजमगढ़ विष्णु दत्त मिश्रा ने बताया कि इटौरा जेल के सामने सृष्टि मैन पावर सॉल्यूशन पर 14 सितंबर से वाहनों की फिटनेस शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि पहले आरटीओ कार्यालय में वाहन फिटनेस के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाता था। अब वही निर्धारित शुल्क निजी फिटनेस केंद्र पर ऑनलाइन लिया जाएगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन स्वामियों को फिटनेस के लिए आरटीओ कार्यालय के बजाय निर्धारित निजी केंद्र पर पहुंचना होगा। परिवहन विभाग का कहना है कि ऑटोमैटिक टेस्टिंग व्यवस्था के जरिए वाहनों की फिटनेस जांच को अधिक व्यवस्थित और तकनीकी आधार पर किया जाएगा।
