लखनऊ :
जनेश्वर मिश्र पार्क के पास युवती पर कार चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश, CCTV से खुला राज—आरोपी गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र जनेश्वर मिश्र पार्क के पास बीते बुधवार सुबह एक चालक एक युवती को कूचलने की कोशिश किया। घटना सीसीटीवी मे कैद हो गई और देखते देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। वीडियो को संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस ने छानबीन शुरु कर दी और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-4 के पास सुबह-सुबह एक महिला पर कथित रूप से जान से मारने की नीयत से कार चढ़ाने और गाली-गलौज करने के मामले में गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने नामजद आरोपी शाहनवाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हुंडाई वरना कार संख्या UP32KH8090 को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे जनेश्वर मिश्र पार्क गेट नंबर-4 के पास हुई। वादिनी ने आरोप लगाया कि विपक्षी ने जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर कार चढ़ाने का प्रयास किया और उसके साथ गाली-गलौज की।
शिकायत मिलने के बाद गोमतीनगर विस्तार थाने में मु.अ.सं. 0170/2026, धारा 109/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही सुरागरसी-पतारसी के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने मामले में नामजद शाहनवाज अहमद पुत्र नूर अली, निवासी नया महिपतमऊ, अंधे की चौकी के पास, थाना दुबग्गा, उम्र करीब 27 वर्ष को 16 सितंबर को जनेश्वर मिश्र पार्क गेट नंबर-2 के पास से गिरफ्तार कर लिया।
घटना में इस्तेमाल हुंडाई वरना कार को पुलिस ने एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में विवेचक उ0नि0 प्रमोद कुमार सिंह, उ0नि0 सतेन्द्र कुमार सिंह, उ0नि0 सत्यम गुप्ता, उ0नि0 आयुष यादव और हे0का0 रामू यादव शामिल रहे।
