गौतमबुद्धनगर: तीन माह की मासूम के अपहरण का खुलासा, पुलिस ने चंद घंटों में बच्ची को सकुशल बरामद कर तीन आरोपी दबोचे!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-63 क्षेत्र से तीन माह की मासूम बच्ची के अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-63 पुलिस ने तत्काल कई टीमें गठित कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से महज कुछ समय में अपहरण की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन माह की बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-63 में बच्ची के परिजनों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि तीन माह की बच्ची को दो महिलाओं और एक पुरुष द्वारा कथित रूप से अपने साथ ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची की तलाश के लिए तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले और 22 सितंबर को पुलिस ने कनावनी बस स्टैंड के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से अपहृत तीन माह की बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. अभय कुमार पुत्र महेन्द्र, निवासी गांव महथी, थाना उजियापुर, समस्तीपुर (बिहार), वर्तमान पता गांव हैबतपुर, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 36 वर्ष।
2. काजल उर्फ संगीता पत्नी अभय कुमार, निवासी गांव महथी, थाना उजियापुर, समस्तीपुर (बिहार), वर्तमान पता गांव हैबतपुर, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 28 वर्ष।
3. मनीषा पत्नी राहुल, निवासी गांव समसीपुर, थाना पचवाड़ा, बेगुसराय (बिहार), वर्तमान पता गांव हैबतपुर, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 23 वर्ष।
पुलिस द्वारा मामले में मु0अ0सं0 426/2026 के तहत धारा 137(2), 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।।
