गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-39 पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, 16 लाख के आभूषण और 1.09 लाख रुपये बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 16 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 1,09,650 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में एक घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले में पीड़ित की तहरीर पर थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सुराग जुटाए। जांच के दौरान पुलिस ने 22 सितंबर 2026 को सेक्टर-47/48 क्षेत्र से एक बाल अपचारी को नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लिया। उसके पास से चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद की गई।
लाखों के आभूषण और नकदी बरामद
पुलिस ने बाल अपचारी के कब्जे से एक गले का हार, दो हाथ के कंगन, दो मंगलसूत्र, तीन चेन, मांग का टीका, नाक की नथुनी, दो अंगूठियां, ओम पेंडल और तीन जोड़ी झुमके समेत कई आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन जोड़ी पाजेब, हाथ के कंगन तथा लोकेट मय चेन भी बरामद हुई है।
बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही 1,09,650 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
मुकदमा दर्ज
चोरी की इस घटना के संबंध में थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 463/2026, धारा 305(a), 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस द्वारा बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
थाना सेक्टर-39 पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटना के त्वरित खुलासे और चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
