गोण्डा- सेवा संकल्प अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र मेहनौन के अंतर्गत इटियाथोक बाजार, लखनीपुर चौराहा और लक्ष्मणपुर लालनगर (पासीपुरवा) में नुक्कड़ नाटक का आयोजन आज किया गया। इस मौके पर तमाम भाजपाई और आमजन मौजूद रहे। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासपरक कार्यक्रमों की जानकारी दी। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने सरल एवं रोचक संवादों के जरिए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी तथा पात्र लोगों को संबंधित विभागों के माध्यम से योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कलाकारों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने नुक्कड़ नाटक को रुचि के साथ देखा और योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कलाकारों ने लोगों से अपील किया कि वे पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करें। यहां रहे भाजपा के पदाधिकारियों ने सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और सरकार के उपलब्धियों को जनता के समक्ष साझा किया। बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है।इस अवसर पर जिला महामंत्री रंजीत दास कश्यप, जिलामंत्री दीपक गुप्ता, जिलामंत्री जितेंद्र नाथ पांडे, नगर मंत्री अमर नाग, विधानसभा संयोजक डा रामानंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष इटियाथोक संतोष चौरसिया, मंडल अध्यक्ष खरगूपुर सुरेश कुलदीप, कार्यक्रम संयोजक अजय राठौर, राकेश चतुर्वेदी, सत्यब्रत उर्फ छोटू ओझा, अवधेश तिवारी, कक्कू सिंह, रामनाथ मौर्य आदि अनेक लोग मौजूद रहे।
