गौतमबुद्धनगर: जेवर में मारपीट, कार में तोड़फोड़ और ऑफिस से क्रिकेट बैट-मोबाइल ले जाने का मामला, तीन वांछित गिरफ्तार!!
दो टूक//जेवर। थाना जेवर पुलिस ने मारपीट, ऑफिस के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ करने तथा ऑफिस से करीब दो लाख रुपये कीमत के क्रिकेट बैट और मोबाइल फोन ले जाने के मामले में तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को पीड़ित ने थाना जेवर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शिवम, चिन्टू, केतन, लाविश और उनके अन्य साथियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने उसके ऑफिस के बाहर खड़ी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और ऑफिस से कुछ क्रिकेट बैट तथा मोबाइल फोन लेकर चले गए। क्रिकेट बैटों की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई थी।
शिकायत मिलने के बाद थाना जेवर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
17 सितंबर 2026 को थाना जेवर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 292/2026 में वांछित तीन आरोपियों को चोरोली रोड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लविश पुत्र विनोद, हरविन्द्र उर्फ चिन्टू पुत्र महेश पाल सिंह और शिवम पुत्र ऋषीपाल सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम बुढाका, थाना टप्पल, जिला अलीगढ़ के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना जेवर में मु0अ0सं0 292/2026, धारा 191(2), 191(3), 115(2), 352, 117(2), 324(4) और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
थाना जेवर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।।
