गौतमबुद्धनगर: निपुण भारत मिशन की समीक्षा में जिलाधिकारी सख्त, बोले- स्कूलों में शिक्षा के साथ सुविधाओं की गुणवत्ता भी हो सुनिश्चित!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 22 सितंबर 2026।
निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स एवं जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं और कायाकल्प योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने निपुण भारत मिशन के अंतर्गत जनपद में अब तक किए गए कार्यों और हासिल प्रगति की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ विद्यालयों में बेहतर और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि अन्य संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में कायाकल्प से जुड़े कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। उन्होंने विद्यालयों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला टास्क फोर्स द्वारा विद्यालयों के निरीक्षण को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष टास्क फोर्स के विद्यालय निरीक्षण शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाएं। निरीक्षण के दौरान केवल व्यवस्थाओं की औपचारिक जांच न हो, बल्कि विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का भी जायजा लिया जाए।
बैठक में विद्यालयों में मिलने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध रहें और बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को सिर्फ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक शैक्षिक वातावरण भी उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों की नियमित निगरानी करते हुए सामने आने वाली कमियों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, यमुना प्राधिकरण, नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा शिक्षकगण उपस्थित रहे।।
