गौतमबुद्धनगर: स्कूल से घर नहीं पहुंची 12 वर्षीय बच्ची, बादलपुर पुलिस ने दो घंटे में सकुशल तलाश कर परिजनों को सौंपा!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। स्कूल से घर लौटते समय लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची को थाना बादलपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर सकुशल तलाश कर लिया। पुलिस ने बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को थाना बादलपुर पुलिस को एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी 12 वर्षीय बच्ची स्कूल गई थी, लेकिन स्कूल की छुट्टी के बाद वह वापस घर नहीं पहुंची। परिजनों ने बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बच्ची की तलाश के लिए टीम गठित की।
पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में बच्ची की तलाश शुरू करने के साथ ही विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिसकर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए बच्ची की लोकेशन का पता लगाया और उसे छपरौला क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
बच्ची के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय से बच्ची की तलाश में परेशान परिजनों ने उसे सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली। परिजनों ने थाना बादलपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तत्परता की सराहना करते हुए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ कि गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई कर सीसीटीवी समेत अन्य माध्यमों से तलाश तेज की जा रही है।।
