मंगलवार, 15 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ किसानों का आंदोलन तेज, अशोक भाटी बोले- मांगें पूरी होने के बाद ही होगी घर वापसी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ किसानों का आंदोलन तेज, अशोक भाटी बोले- मांगें पूरी होने के बाद ही होगी घर वापसी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 15 सितंबर 2026। नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी लगातार जारी रहा। बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और संगठन के पदाधिकारी धरनास्थल पर डटे रहे। आंदोलन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी कर रहे हैं। किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों और गांवों से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरनास्थल पर मंगलवार को किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोएडा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने अपने-अपने गांवों की समस्याएं विस्तार से रखीं। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसानों की मांगों के समाधान के लिए संघर्ष को कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही आगामी पंचायत को लेकर भी रणनीति तैयार की गई।

बिजली काटने पर किसानों ने जताई नाराजगी

धरनास्थल पर प्राधिकरण द्वारा विद्युत आपूर्ति बंद किए जाने को लेकर किसानों में नाराजगी दिखाई दी। कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही विरोध जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं और आंदोलन में किसी भी तरह की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।

किसानों के विरोध के बाद अधिकारियों ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी। इस दौरान किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन को प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो किसान आगे की रणनीति तय करने के लिए स्वतंत्र होंगे। नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ी तो धरनास्थल बदलकर भी आंदोलन जारी रखा जाएगा।

अशोक भाटी बोले- किसानों की मांगें पूरी होने तक नहीं हटेंगे

भारतीय किसान यूनियन के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि नोएडा के किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “नोएडा के किसानों और ग्रामीणों की मांगें पूरी होने के बाद ही हमारी घर वापसी होगी। जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, धरना लगातार जारी रहेगा।”

अशोक भाटी ने कहा कि यह आंदोलन केवल किसी एक गांव या व्यक्ति की समस्या को लेकर नहीं है, बल्कि नोएडा के 81 गांवों के किसानों और ग्रामीणों के हक और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर है। उन्होंने कहा कि 81 गांवों के प्रतिनिधि आंदोलन के साथ खड़े हैं और सभी की समस्याओं को एकजुट होकर प्राधिकरण के सामने रखा जाएगा।

सुभाष चौधरी ने संभाली किसानों की आवाज को मजबूती देने की जिम्मेदारी

धरने में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी भी सक्रिय भूमिका में नजर आए। उन्होंने किसानों की समस्याओं और आंदोलन से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने तथा उनकी आवाज को व्यापक स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। सुभाष चौधरी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को केवल धरनास्थल तक सीमित नहीं रहने दिया जाएगा, बल्कि संगठन पूरी मजबूती के साथ किसानों की आवाज को संबंधित अधिकारियों और शासन-प्रशासन तक पहुंचाएगा।

उन्होंने कहा कि किसानों की एकजुटता ही आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है और जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलता, संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने की अपील भी की।

बैठक में आगामी पंचायत और आंदोलन के अगले चरण को लेकर भी चर्चा हुई। किसान नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर गांव-गांव संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा।

इस मौके पर राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, एकलव्य सिंह सहारा, श्रीपाल कसाना, विपिन तंवर, रविंद्र भगत, सिंहराज गुर्जर, योगेश भाटी, सोमेश भारद्वाज, रविंद्र कसाना, धर्मेंद्र चपराना, रिकी प्रधान, मदन भाटी, सचिन अवाना, जगत अवाना, प्रमोद टाइगर, सुधीर भाटी, राकेश नंबरदार सहित बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।।