मंगलवार, 15 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी में स्मैक तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार; 35.50 ग्राम स्मैक और 6,275 रुपये बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी में स्मैक तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार; 35.50 ग्राम स्मैक और 6,275 रुपये बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 35.50 ग्राम स्मैक और 6,275 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद स्मैक की कीमत करीब 3.53 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर 2026 को थाना दादरी पुलिस ने पहली कार्रवाई करते हुए यशपाल रावल उर्फ बड़े पुत्र प्रमोद कुमार उर्फ पप्पू रावल, निवासी ग्राम घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी, उम्र करीब 22 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी को बिरयानी पुलिया के पास, सेक्टर ज्यू-2 सर्विस रोड, चौकी क्षेत्र अजायबपुर से पकड़ा गया। उसके कब्जे से 20.30 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 3 हजार रुपये, और 3,270 रुपये नकद बरामद हुए।

इस मामले में थाना दादरी में मु0अ0सं0 455/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी थाना दादरी में मु0अ0सं0 334/2025, धारा 115(2), 351(2), 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने नाजिम मलिक पुत्र अजीज मलिक, निवासी ग्राम घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी, को गिरफ्तार किया। आरोपी को फोर्मी कंपनी के पीछे वाले रास्ते से पकड़ा गया। उसके कब्जे से 15.20 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत करीब 1.5 लाख रुपये, और 3,005 रुपये नकद बरामद किए गए।

इस संबंध में थाना दादरी में मु0अ0सं0 456/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक नाजिम मलिक के खिलाफ फिलहाल इसी मामले का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।

थाना दादरी पुलिस की एक ही दिन में की गई दोनों कार्रवाइयों में कुल 35.50 ग्राम स्मैक और 6,275 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे मादक पदार्थ कहां से लाते थे और इसे किन लोगों को बेचते थे।