गोंडा- करनैलगंज स्थित सरयू नदी कटरा घाट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान वैकल्पिक प्रकाश की व्यवस्था न होने के कारण कई मूर्तियों को मोबाइल टार्च की रोशनी में विसर्जित किया गया। आपको बता दें गणेश चतुर्थी के मौके पर जिले के दर्जनों स्थानों पर गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई थी। कर्नलगंज नगर क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बप्पा की पूजा आराधना के पश्चात आज विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। मुख्य मार्गो से होते हुए प्रतिमा सरयू नदी कटरा घाट पहुंची। जहां हमेशा की तरह हाईमास्ट लाइट जल रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली गुल हो गई और पूरे घाट पर अंधेरा छा गया। इस दौरान मोबाइल टॉर्च की रोशनी में भी विसर्जन का कार्य चलता रहा। श्रद्धालुओं ने गणपत बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरया जयकारों के साथ मोबाइल के टार्च की रोशनी में गणेश भगवान की प्रतिमाओं का विसर्जन किया। स्थानीय लोगों ने मांग उठाई है की दुर्गापूजा विसर्जन की भांति गणेश पूजा विसर्जन के दौरान सरयू तट पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरीके से समस्या का सामना न करना पड़े। हालांकि थोड़ी देर बाद विजली आ गई और हाईमास्ट लाइट जल गई लेकिन फिर भी घाट में समुचित प्रकाश की व्यवस्था नहीं दिखी।