गुरुवार, 17 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: स्वच्छता के संकल्प से जगमगाया नोएडा, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का भव्य शुभारंभ!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: स्वच्छता के संकल्प से जगमगाया नोएडा, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का भव्य शुभारंभ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का नोएडा प्राधिकरण ने उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ शुभारंभ किया। अभियान के माध्यम से शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ नागरिकों को स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत गुरुवार को नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में दिनभर स्वच्छता, जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सेवा संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। सेक्टर-35 स्थित मोरना बस स्टैंड पर आयोजित वृहद स्वच्छता अभियान में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह ने जनसामान्य के साथ सहभागिता की। इस दौरान स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों और नागरिकों को कराया गया वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का भ्रमण

अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों और नागरिकों को सेक्टर-34 स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट तथा सेक्टर-54 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। भ्रमण के माध्यम से ठोस कचरा प्रबंधन, अपशिष्ट के निस्तारण, सीवेज ट्रीटमेंट और पर्यावरण संरक्षण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों को कचरे के उचित निस्तारण और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

दीपोत्सव के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश

शाम के समय शहर के प्रमुख स्थलों को दीपों से रोशन कर स्वच्छता और सेवा का संदेश दिया गया। सेक्टर-54 स्थित वेटलैंड और सेक्टर-33 स्थित चिल्ड्रन्स पार्क में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में स्वच्छ, सुंदर और हरित नोएडा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

वेदवन पार्क में जलाया गया ‘आशीर्वाद का दीया’

सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। नोएडा विधायक पंकज सिंह तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण के प्रति संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शहर के विकास के लिए सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।

प्राधिकरण मुख्यालय में भी हुआ विशेष आयोजन

सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय के ऑडिटोरियम में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी की उपस्थिति में तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पुष्प राज सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्वलित कर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

प्रमुख स्थलों पर दिनभर चला सेवा संकल्प अभियान

इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न स्थलों और अवस्थापना से संबंधित प्रमुख स्थानों पर वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ नागरिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और शहर को बेहतर बनाने में सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया गया।

रोशनी से जगमगाए शहर के प्रमुख मार्ग

अभियान की पूर्व संध्या पर नोएडा के प्रमुख मार्गों और स्थलों को आकर्षक लाइटों से सजाया गया था। रोशनी से जगमगाते शहर ने स्वच्छता एवं सेवा के संदेश को एक अलग स्वरूप दिया। प्राधिकरण की ओर से कहा गया कि नोएडा को स्वच्छ, सुंदर, हरा-भरा और बेहतर शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएं। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर नोएडा के निर्माण में प्राधिकरण के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है।।