गौतमबुद्धनगर: दादरी में चैन स्नैचिंग का खुलासा: पुलिस ने शातिर लुटेरे को दबोचा, तमंचा-कारतूस और लूटी गई चैन का टुकड़ा बरामद!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। दादरी थाना पुलिस ने चैन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, लूटी गई चैन का टुकड़ा और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर जीटी रोड दादरी पर एक महिला के गले से चैन छीनी थी। घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
महिला से चैन स्नैचिंग के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को एक आवेदक ने थाना दादरी में तहरीर देकर अपनी दादी के साथ चैन स्नैचिंग की घटना की जानकारी दी थी। तहरीर के आधार पर थाना दादरी में मु0अ0सं0 396/2026, धारा 304 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू की।
लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के खुलासे के लिए दादरी पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का सहारा लिया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। इसके आधार पर पुलिस टीम ने 2 सितंबर 2026 को रूपवास बाईपास, थाना दादरी क्षेत्र से चैन स्नैचिंग की घटना में शामिल बताए जा रहे शातिर अभियुक्त मोहित पुत्र अयोध्या प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा मुकदमे से संबंधित पीली धातु की चैन का एक टुकड़ा तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल संख्या DL11K4343 भी बरामद की गई।
पूछताछ में साथी के साथ वारदात करना कबूला
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि करीब 10-12 दिन पहले उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर इसी मोटरसाइकिल से जीटी रोड, दादरी पर एक महिला के गले से चैन छीनी थी। पुलिस अब आरोपी के उस साथी की तलाश कर रही है, जो वारदात में उसके साथ शामिल था।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहित पुत्र अयोध्या प्रसाद, निवासी ग्राम अमरमऊ, थाना शायेगढ, जिला शायेगढ, मध्यप्रदेश, हाल निवासी संजय कॉलोनी, अर्थला, थाना साहिबाबाद, जिला गाजियाबाद, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है।
अभियुक्त के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना दादरी में दो अभियोग पंजीकृत हैं—
- मु0अ0सं0 396/2026, धारा 304/317(2) बीएनएस, थाना दादरी।
- मु0अ0सं0 432/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम, थाना दादरी।
यह सामान हुआ बरामद
- 01 अवैध तमंचा .315 बोर
- 01 जिंदा कारतूस .315 बोर
- लूटी गई चैन का एक टुकड़ा, पीली धातु
- वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या DL11K4343
दादरी पुलिस की इस कार्रवाई से चैन स्नैचिंग की घटना का खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश के साथ-साथ उससे जुड़ी अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।।
