गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सफाई से अवैध निर्माण तक पर सीईओ का शिकंजा, लापरवाही पर लाखों की पेनल्टी और कार्रवाई के निर्देश!!
नोएडा, 22 सितंबर 2026। नोएडा में सफाई व्यवस्था, अवैध निर्माण, अतिक्रमण और सड़कों की बदहाली को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन सेक्टर-6 में मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में शहर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान सामने आई खामियों पर संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए लाखों रुपये के जुर्माने, वेतन कटौती और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण उन्मूलन, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण तथा निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक से पहले प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण में मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
सेक्टर-19 में गंदगी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना
सेक्टर-19 के बी-ब्लॉक शनि बाजार स्थित खाली भूखंड में पार्क के अंदर हॉर्टिकल्चर वेस्ट पड़ा मिला। मामले में संबंधित उद्यान कार्य की संविदाकार संस्था पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-19 के अन्य पार्कों में भी गंदगी पाए जाने पर संबंधित उद्यान निरीक्षक और सहायक निदेशक (उद्यान) का एक दिन का वेतन काटने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित उद्यान सुपरवाइजर की सेवाएं समाप्त करने को कहा गया।
निठारी रोड पर कूड़ा मिलने पर भी सख्ती
निठारी रोड पर ग्राम निठारी के सामने सेंट्रल वर्ज में कूड़ा एकत्र मिला। इस पर संबंधित संस्था पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। ग्राम निठारी में गंदगी मिलने पर संबंधित उद्यान निरीक्षक का एक दिन का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
15 अक्टूबर तक सभी शौचालय दुरुस्त करने का अल्टीमेटम
निरीक्षण के दौरान विभिन्न शौचालयों में अनुरक्षण और सफाई व्यवस्था में कमी पाई गई। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने 15 अक्टूबर 2026 तक सभी शौचालयों को सुचारु रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए। संबंधित वर्क सर्किल के प्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधक को इसकी प्रमाणित रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी। निर्धारित समय तक व्यवस्था ठीक नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टर-43 में कूड़े पर एजेंसी और कर्मचारियों पर कार्रवाई
सेक्टर-43 में गोदरेज सोसाइटी के समीप डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एजेंसी के कॉम्पैक्टर प्वाइंट के पास बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्र मिला। मामले में संबंधित एजेंसी पर पेनल्टी लगाने के साथ संबंधित नियमित स्वास्थ्य निरीक्षक का एक सप्ताह का वेतन काटने और नियमित सफाई सुपरवाइजर का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
जीवीपी प्वाइंट को लेकर एजी इन्वायरो पर 25 लाख की पेनल्टी
शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह जीवीपी प्वाइंट बनने और समय से कूड़ा नहीं उठाए जाने पर प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाया। डोर-टू-डोर कलेक्शन एजेंसी मैसर्स एजी इन्वायरो पर 25 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए।
बरौला में अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान ग्राम बरौला में अवैध निर्माण होता पाया गया। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि उक्त अतिक्रमण के खिलाफ एफआईआर दर्ज है और धारा-10 का नोटिस भी जारी किया जा चुका है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अवर अभियंता (संविदा) और सुपरवाइजर (संविदा) को हटाने के निर्देश दिए गए।
20 अक्टूबर तक सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश
वर्षा ऋतु के दौरान नोएडा में कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। समीक्षा बैठक में सभी वर्क सर्किल के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत और रिसर्फेसिंग का कार्य 20 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए। इसके बाद भी कोई कार्य लंबित पाया गया तो संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक और प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टर-145 का पुश्ता मार्ग होगा दुरुस्त
सेक्टर-145 में डंप साइट की ओर जाने वाला पुश्ता मार्ग अत्यधिक क्षतिग्रस्त पाया गया। इसे प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
सलारपुर और एमपी-3 मार्ग की बदहाली पर भी फोकस
ग्राम सलारपुर के पीछे एक्वा लाइन मेट्रो कॉरिडोर के नीचे स्थित पुश्ता मार्ग की हालत बेहद खराब मिली। इसकी प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं, सेक्टर-71 अंडरपास से हिंडन पुल तक एमपी-3 मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त मिली। अधिकारियों को इसकी भी प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
सेक्टर-121 में कबाड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान
सेक्टर-121 के सामने हिंडन पुश्ता पर कबाड़ियों द्वारा बड़ी मात्रा में कूड़ा और कबाड़ एकत्र किया गया था। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने विशेष अभियान चलाकर कूड़ा-कबाड़ साफ कराने और कूड़ा फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एमपी-3 से अवैध वेंडरों को हटाने के निर्देश
एमपी-3 मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर अनधिकृत वेंडरों की समस्या को भी बैठक में गंभीरता से लिया गया। सभी वर्क सर्किलों को अगले एक माह में अभियान चलाकर अवैध वेंडिंग जोन चिन्हित करने, अवैध वेंडरों को हटाने और उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक माह की अवधि के बाद यदि किसी क्षेत्र में अवैध वेंडर पाए जाते हैं तो संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक की जिम्मेदारी तय करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टर-138/140 में अवैध निर्माण तत्काल रुकवाने के निर्देश
सेक्टर-138/140 में भी अवैध निर्माण होता पाया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने तत्काल निर्माण रुकवाने तथा संबंधित अवर अभियंता और सुपरवाइजर को हटाने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
बैठक में आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न हो, बल्कि मौके पर वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी एवं श्री पुष्पराज सिंह, विशेष कार्याधिकारी क्रान्तिशेखर सिंह एवं डॉ. हर्षिता तिवारी, महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा एवं एस.पी. सिंह, महाप्रबंधक (विद्युत/यांत्रिक) आर.पी. सिंह, विशेष कार्याधिकारी इन्दु प्रकाश सिंह सहित विभिन्न वर्क सर्किल, जल खंड तथा विद्युत/यांत्रिक खंडों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रबंधक मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों से स्पष्ट है कि नोएडा प्राधिकरण अब सफाई, सड़क, अतिक्रमण, अवैध निर्माण और जनशिकायतों से जुड़े मामलों में लापरवाही को लेकर सख्त कार्रवाई के मूड में है। अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।।
