गौतमबुद्धनगर: नोएडा में औद्योगिक भूखंडों की ई-नीलामी ने रचा नया रिकॉर्ड, 86 करोड़ के आरक्षित मूल्य पर लगी 238 करोड़ की बोली!!
19 भूखंडों के लिए आए 224 आवेदन, 195 पात्र आवेदकों ने लिया ई-ऑक्शन में हिस्सा; प्राधिकरण को करीब 152 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व
दो टूक//नोएडा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत नोएडा प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक भूखंडों के आवंटन के लिए जारी योजना Noida/IP/eAuction/2026-27/01 में निवेशकों ने जबरदस्त रुचि दिखाई है। योजना के तहत 19 औद्योगिक भूखंडों के लिए आयोजित ई-ऑक्शन में आवेदकों के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। 23 सितंबर 2026 को एचडीएफसी बैंक पोर्टल के माध्यम से ई-ऑक्शन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
योजना के तहत 19 भूखंडों के सापेक्ष कुल 224 आवेदन प्राप्त हुए। जांच के बाद इनमें से 195 आवेदन पात्र पाए गए। पात्र आवेदकों ने ई-ऑक्शन प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए औद्योगिक भूखंडों के लिए बोली लगाई।
इन 19 औद्योगिक भूखंडों का निर्धारित आरक्षित मूल्य करीब 86 करोड़ रुपये था। इसके मुकाबले ई-नीलामी में आवेदकों द्वारा कुल 238 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई। इस तरह आरक्षित मूल्य की तुलना में नोएडा प्राधिकरण को करीब 152 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।
औद्योगिक निवेश को मिलेगा बढ़ावा
ई-ऑक्शन में सफल आवेदकों में विभिन्न उद्यमी शामिल हैं, जिन्होंने नोएडा में औद्योगिक परियोजनाओं की स्थापना के लिए भूखंडों पर ऊंची बोली लगाई। इन भूखंडों पर परियोजनाएं स्थापित होने के बाद नोएडा में औद्योगिक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।
नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से क्षेत्र में निवेश बढ़ने के साथ ही प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और नोएडा के औद्योगिक विकास को और मजबूती मिलने की संभावना है।
19 औद्योगिक भूखंडों के लिए 224 आवेदन प्राप्त होना और आरक्षित मूल्य से कई गुना अधिक बोली लगना नोएडा में औद्योगिक क्षेत्र के प्रति उद्यमियों की मजबूत रुचि को दर्शाता है। ई-नीलामी से प्राधिकरण को अतिरिक्त राजस्व मिलने के साथ-साथ आने वाले समय में इन भूखंडों पर स्थापित होने वाली औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से निवेश और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
