गौतमबुद्धनगर: जेवर के किसानों को बड़ी सौगात: 6 लाख तक मिलेगा दीर्घकालीन ऋण, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का हुआ शुभारंभ!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 23 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश के छोटे एवं सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी का शुभारंभ बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकासखंड जेवर में बड़ी संख्या में मौजूद किसानों ने देखा।
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि ब्लॉक प्रमुख जेवर मुन्नी देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। सजीव प्रसारण के दौरान किसानों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की पात्रता, ऋण सीमा, ब्याज दर, ब्याज अनुदान, ऋण अवधि और आसान मासिक किस्तों सहित योजना के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही भारत टैक्सी योजना के संबंध में भी किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
6 लाख रुपये तक मिलेगा दीर्घकालीन ऋण
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का संचालन उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एलडीबी) के माध्यम से किया जा रहा है। योजना के तहत छोटे एवं सीमांत किसानों तथा नियमित रूप से ऋण की अदायगी करने वाले पात्र पूर्व ऋणी सदस्यों को 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। ऋण की अवधि 5 वर्ष अथवा उससे अधिक निर्धारित की गई है और प्रभावी ब्याज दर 6 प्रतिशत रखी गई है।
योजना की खास बात यह है कि ऋण की किस्तों का समय से भुगतान करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ मिलेगा। इससे किसानों पर ऋण की लागत कम होगी और उन्हें आसान मासिक किस्तों यानी ईएमआई के माध्यम से ऋण चुकाने की सुविधा मिलेगी।
पांच वर्षों में 5 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
शासन की ओर से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के लिए 384 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। आगामी पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के अंतर्गत कृषि कार्यों के साथ-साथ कृषि आधारित गतिविधियों और पात्र अकृषि गतिविधियों के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने किसानों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। पात्र किसानों को सलाह दी गई कि वे संबंधित बैंक अथवा भूमि विकास बैंक की शाखा से योजना की पात्रता और आवश्यक अभिलेखों की जानकारी प्राप्त कर आवेदन करें।
कार्यक्रम के संयोजक नरेश अमराला, डायरेक्टर यूपीआरएनएसएस रहे। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी जेवर, भूमि विकास बैंक जेवर के प्रतिनिधि मुरलीधर शर्मा, शाखा अध्यक्ष भूमि विकास बैंक, डीसीबी जेवर के शाखा प्रबंधक, सहकारिता विभाग के अधिकारीगण तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।।
