गौतमबुद्धनगर: डेंगू केस मिलते ही 48 घंटे में कार्रवाई, घर-घर दस्तक देकर जागरूक करेंगी आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ता!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 26 सितंबर 2026।
जनपद में डेंगू और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों और गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सभी चिकित्सालयों और पैथोलॉजी केंद्रों से डेंगू का पॉजिटिव केस सामने आने पर उसी दिन स्वास्थ्य विभाग को सूचना उपलब्ध कराई जाए। सूचना मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र में निर्धारित 48 घंटे के भीतर आवश्यक निरोधात्मक एवं नियंत्रणात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण समेत नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में एंटी-लार्वा गतिविधियों और फॉगिंग अभियान को नियमित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को जलभराव वाले स्थानों की लगातार निगरानी करने और मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को खत्म करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने अधिकारियों को सोर्स रिडक्शन की गतिविधियां लगातार चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घरों और परिसरों में कूलर, फ्रिज, पानी की टंकी, गमले तथा अन्य स्थानों पर पानी जमा नहीं होने दिया जाए। जहां भी जलभराव या पानी जमा मिले, उसे तत्काल खाली कराया जाए। साथ ही लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए।
12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि में अपना माइक्रोप्लान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।
दस्तक अभियान के तहत 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव और रोकथाम के प्रति जागरूक करेंगी। इस दौरान बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर उनकी सूचना दर्ज की जाएगी तथा आवश्यक सर्वेक्षण और डेटा एंट्री का काम भी किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य बुखार से पीड़ित लोगों की समय से पहचान कर उनकी जांच, परीक्षण और उपचार सुनिश्चित करना है। जरूरत के अनुसार मच्छरों एवं उनके प्रजनन स्थलों की स्थिति का पता लगाने के लिए एंटोमोलॉजिकल सर्वे भी कराया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और अभियान से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। प्रशासन का जोर बीमारी के मामले सामने आने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को खत्म करने, जलभराव रोकने और आमजन को जागरूक करने पर रहेगा।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन, कृषि, उद्यान विभाग, नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण, नगर पालिका और नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।।
