मंगलवार, 15 सितंबर 2026

गोण्डा- इटियाथोक क्षेत्र के बिनोहनी गांव में दो दिनो में 3 घरों से जेवर व नकदी चोरी, पुलिस जांच तेज

शेयर करें:
गोण्डा- इटियाथोक थाना क्षेत्र के बिनुहनी गांव में अबतक कई चोरियां हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में भय व्याप्त है। यहां सिर्फ दो दिनो में 3 घरों में चोरियां हुई और अज्ञात चोर जेवर व नकदी ले जाने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर घटना की जांच तेज कर दी है।
बीती रात गांव निवासी रामभवन के घर चोरी की घटना हुई। पीड़ित ने मीडिया को बताया कि अज्ञात चोरों ने घर के मुख्यद्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखे नकदी सहित जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह जागने पर घटना की जानकारी हुई और सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की है। इसके पूर्व बिनुहनी गांव में 13/14 सितम्बर की रात दो घरों में चोरी हुई थी। पीड़ित अरविंद कुमार वर्मा पुत्र रामदेव वर्मा के अनुसार अज्ञात चोर उनके घर के पीछे की दिवाल से छत पर चढ़कर घर के अन्दर आ गये और आलमारी में रखा एक सोनी की अंगूठी व एक चाँदी का पायल तथा 7000 रू0 नकद चुरा ले गये। विगत रात्रि में ही उनके ही गाँव में दिनेश कुमार वर्मा पुत्र हीरालाल वर्मा के घर से एक सोने का लाकेट व एक अदद सोने की अँगूठी व आलमारी में रखा 10,000 रू0 नकद उन्ही चोरों के द्वारा चोरी कर लिया गया। यह लोग जब सुबह जगे तो यह सब देखे और बहुत खोजबीन किया परन्तु अज्ञात चोरों के बारे में कुछ पता नहीं लग सका। इन दोनों मामलों में स्थानीय थाने में मुकदमा भी दर्ज है।