गोण्डा- उप्र माटीकला बोर्ड द्वारा माटीकला से जुड़े कुम्हारों, शिल्पियों एवं कारीगरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में मंडल स्तर पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके तहत उत्कृष्ट माटीकला उत्पाद एवं कलाकृतियां तैयार करने वाले कारीगरों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार, द्वितीय पुरस्कार 12 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 10 हजार की धनराशि प्रदान की जाएगी।
कारीगरों का चयन उनके द्वारा प्रदर्शित माटीकला उत्पादों के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए फाइन आर्ट के विशेषज्ञों की तीन सदस्यीय टीम द्वारा कलाकृतियों का मूल्यांकन कर उत्कृष्ट शिल्पियों का चयन किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि इच्छुक कुम्हार, शिल्पी एवं कारीगर अपने द्वारा तैयार की गई माटीकला की कलाकृतियों को प्रतियोगिता में प्रदर्शित करने के लिए माटीकला बोर्ड के पोर्टल upmatikalaboard.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ उत्पाद की फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र एवं बैंक पासबुक आदि आवश्यक अभिलेख अपलोड करने होंगे। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन पत्र 18 सितंबर 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजा मोहल्ला, गोण्डा में जमा करना होगा।
स्पष्ट किया गया है कि ऑनलाइन आवेदन के अतिरिक्त किसी अन्य माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले कारीगरों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता आदि देय नहीं होगा।
