गुरुवार, 24 सितंबर 2026

गोण्डा- 28 सितंबर को इटियाथोक ब्लाक परिसर में 27 दिव्यांगजनों को मिलेंगे उपकरण, जिले में अनेक जगह 24 सितम्बर से लगेंगे शिविर

शेयर करें:
गोण्डा- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के अर्ह दिव्यांगजन लाभार्थियों को सहायक उपकरण तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके लिए जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में 24 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक विधानसभा क्षेत्रवार वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र में 24 सितंबर को विकास खंड परिसर परसपुर में शिविर आयोजित होगा, जहां 67 लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। मनकापुर में 25 सितंबर को विकास खंड परिसर मनकापुर में 67, कटरा बाजार में 26 सितंबर को विकास खंड परिसर हलधरमऊ में 60 तथा मेहनौन विधानसभा क्षेत्र में 28 सितंबर को विकास खंड परिसर इटियाथोक में 27 लाभार्थियों को उपकरण दिए जाएंगे। इसी क्रम में तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में 29 सितंबर को विकास खंड परिसर तरबगंज में 43, गोण्डा सदर में 30 सितंबर को मेडिकल कॉलेज कैंपस में 105 तथा गौरा विधानसभा क्षेत्र में 1 अक्टूबर को विकास खंड परिसर छपिया में 37 लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। इस प्रकार विधानसभा क्षेत्रवार आयोजित होने वाले शिविरों में कुल 406 दिव्यांगजन लाभार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र का वितरण भी किया जाएगा।
सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना तथा दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी सुविधा एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देना है।