मऊ :
पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामिया हत्यारोपी के पैर में लगी गोली,हुआ गिरफ्तार।।
हत्या के बाद फरारी, फिर पुलिस से मुठभेड़… 25 हजार का इनामिया टाइगर गोली लगते ही हुआ धराशाही।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना चिरैयाकोट क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त नीरज कुमार उर्फ टाइगर और पुलिस के बीच गुरुवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान अभियुक्त ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी रानीपुर भेज दिया।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना चिरैयाकोट इलाके में हत्या के बाद से पुलिस के रडार पर चल रहे इनामी आरोपी को दबोचने के लिए चिरैयाकोट पुलिस टीम और स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर असलपुर पुलिया के पास घेराबंदी की थी। पुलिस का दावा है कि संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली अभियुक्त के पैर में जा लगी।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नीरज कुमार उर्फ टाइगर (27) पुत्र सोहनराम, निवासी सराय धनेश, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
हत्या की वारदात में था वांछित
पुलिस के मुताबिक, 14 सितम्बर 2026 को अनीश कुमार (22) अपने साथी गोल्डी के साथ मोटरसाइकिल से जलालाबाद, गाजीपुर से घर लौट रहा था। सरसेना पेट्रोल पंप से आगे काझा की ओर रास्ते में कथित रूप से घात लगाए आरोपियों ने उसे घेर लिया और गोली मार दी। गोली लगने से अनीश की मौत हो गई थी। इस मामले में चिरैयाकोट थाने में मु0अ0सं0 107/2026 के तहत मुकदमा दर्ज है।
मामले में धारा 3(5), 103(1) बीएनएस, 3/25 आयुध अधिनियम और बढ़ाई गई धारा 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस जांच में नीरज कुमार उर्फ टाइगर को वांछित आरोपी बनाया गया था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
लूट से हत्या तक कई मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ आजमगढ़ और गाजीपुर के विभिन्न थानों में लूट, हत्या, हत्या के प्रयास और आयुध अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2019 से 2023 तक के कई मामलों का उल्लेख है।
फिलहाल घायल अभियुक्त को उपचार के बाद पुलिस हिरासत में लेकर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ की कार्रवाई में चिरैयाकोट पुलिस और स्वाट टीम की भूमिका रही।
