गौतमबुद्धनगर:नोएडा में मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, 24 चोरी के मोबाइल के साथ चार शातिर गिरफ्तार!!
खुले कमरों को बनाते थे निशाना, मोबाइल-लैपटॉप समेत कीमती सामान पर करते थे हाथ साफ; चोरी के माल को सस्ते दामों में बेचकर बांट लेते थे रकम
नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 24 मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल, 2,000 रुपये नकद और अवैध व धारदार चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, चारों अभियुक्तों को गढ़ी गोलचक्कर की तरफ जाने वाले अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिक्कू राजकुमार, राजा भास्कर, रिषभ और श्याम साहू के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कई स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
रेकी के बाद बंद कमरों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले ऐसी इमारतों की रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हों। इसके बाद मौका देखकर उन कमरों को निशाना बनाया जाता था, जो खुले मिलते थे। आरोपी कमरों से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।
आरोपियों के मुताबिक, जब उनके पास बड़ी संख्या में मोबाइल फोन इकट्ठे हो जाते थे तो वे उन्हें राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे। इससे प्राप्त रकम को चारों आपस में बांट लेते थे।
चोरी की मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद
थाना सेक्टर-63 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 चोरी के मोबाइल फोन, एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP75AQ4105, 2,000 रुपये नकद, 2 अवैध चाकू और 7 धारदार छोटे चाकू बरामद किए हैं। पुलिस की कार्रवाई से गिरोह द्वारा चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे सामान और चोरी के माल का भी खुलासा हुआ है।
तीन मुकदमों का हुआ खुलासा
पुलिस जांच में आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-63 और थाना फेस-3 में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मामले में मु0अ0सं0 393/2026, धारा 317(2)/317(5) बीएनएस व 4/25 आर्म्स एक्ट, थाना सेक्टर-63; मु0अ0सं0 391/2026, धारा 305/317(2) बीएनएस, थाना सेक्टर-63 तथा मु0अ0सं0 332/2026, धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस, थाना फेस-3 में पंजीकृत है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्तों में सिक्कू राजकुमार (20 वर्ष) निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार, वर्तमान निवासी चोटपुर कॉलोनी सेक्टर-63; राजा भास्कर (19 वर्ष) निवासी प्रयागराज, वर्तमान निवासी चोटपुर कॉलोनी सेक्टर-63; रिषभ (19 वर्ष) निवासी फर्रूखाबाद, वर्तमान निवासी चोटपुर कॉलोनी सेक्टर-63 तथा श्याम साहू (28 वर्ष) निवासी कौशाम्बी, वर्तमान निवासी चोटपुर कॉलोनी सेक्टर-63 शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व में की गई चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।।
