रविवार, 6 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: संपूर्ण समाधान दिवस में गूंजी जनता की फरियाद, 189 शिकायतें पहुंचीं अधिकारियों तक, 12 का मौके पर तत्काल निस्तारण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: संपूर्ण समाधान दिवस में गूंजी जनता की फरियाद, 189 शिकायतें पहुंचीं अधिकारियों तक, 12 का मौके पर तत्काल निस्तारण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सदर, दादरी और जेवर तहसील में अधिकारियों ने सुनीं जनसमस्याएं, शेष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 05 सितंबर 2026। जनपद गौतमबुद्धनगर में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जिले की तीनों तहसीलों सदर, दादरी और जेवर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर अधिकारियों के समक्ष पहुंचे। अधिकारियों ने जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।

तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 189 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

तहसील सदर में 5 शिकायतें, 3 का मौके पर समाधान

तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान कुल 5 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

दादरी में सबसे अधिक 102 शिकायतें पहुंचीं

तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यहां फरियादियों की ओर से कुल 102 शिकायतें दर्ज कराई गईं। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इनमें से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया।

शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जेवर तहसील में 82 शिकायतें दर्ज, 2 का तत्काल निस्तारण

इसी क्रम में तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल 82 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया।

अधिकारियों ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले का नियमानुसार परीक्षण कर समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अधिकारियों से कहा गया कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न हो, बल्कि वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन की ओर से यह भी निर्देश दिए गए कि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए संबंधित शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।।