रविवार, 6 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 चोरी के वाहन बरामद; शातिर आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 चोरी के वाहन बरामद; शातिर आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

फेस-3 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी के साथ तमंचा व दो चाकू बरामद; दो बाल अपचारी भी पुलिस संरक्षण में

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर शिकंजा कसते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना फेस-3 पुलिस ने बीट पुलिसिंग और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को सेक्टर-71 स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके पास से .315 बोर का तमंचा और दो अवैध चाकू भी बरामद हुए हैं। मामले में दो बाल अपचारियों को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान वंश पुत्र प्रमोद, निवासी पुरैनी मोहल्ला, महारथपुर नगीना, बिजनौर, वर्तमान निवासी ममूरा, सेक्टर-66, थाना फेस-3, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

सुनसान स्थानों की रेकी कर बनाता था वाहनों को निशाना

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रेकी करने के बाद ऐसे स्थानों को चिन्हित करता था, जहां आमजन की आवाजाही कम रहती थी। इसके बाद मौका मिलते ही मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर छिपाकर रख देता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए दोपहिया वाहनों को अपनी मजबूरी बताकर राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देता था। इनसे मिलने वाली रकम को वह अपने व्यक्तिगत खर्च और मौज-शौक में खर्च करता था। आमजन को डराने-धमकाने के लिए आरोपी अपने पास अवैध हथियार भी रखता था।

आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना फेस-1, थाना सेक्टर-58 और थाना फेस-3 गौतमबुद्धनगर में एनडीपीएस एक्ट, लूट, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल 12 अभियोग दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

थाना फेस-3 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वर्ष 2026 के मामले में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की बरामदगी

  • 09 चोरी की मोटरसाइकिल
  • 01 चोरी की स्कूटी
  • 01 तमंचा .315 बोर
  • 02 अवैध चाकू

फेस-3 पुलिस की इस कार्रवाई से दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में अहम सफलता मिली है। पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थानों में दर्ज मुकदमों और उनके वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच कर रही है।।