मंगलवार, 8 सितंबर 2026

गोण्डा- रेलवे सिग्नल केबल चोरी करते युवक गिरफ्तार, ₹21,840 की रेल संपत्ति बरामद

शेयर करें:
गोण्डा- ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गोण्डा, सीआईबी गोण्डा और टीओपीबी की संयुक्त टीम ने रेल संपत्ति चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को रेलवे सिग्नल केबल चोरी करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब ₹21,840 कीमत की 78 मीटर सिग्नल केबल, दो टुकड़ों में तथा केबल काटने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक हेक्सा ब्लेड बरामद किया गया है। आरपीएफ के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की रात टीम रेल संपत्ति चोरी करने वालों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गोण्डा रेलवे स्टेशन के पूर्वी यार्ड में आरओएच भवन के पास एक युवक ठेले पर रेलवे सिग्नल केबल ले जाते हुए दिखाई दिया। टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सचिन भारती (19) पुत्र रंजीत भारती, निवासी ग्राम धनौली डीहवा, थाना कोतवाली नगर, जिला गोण्डा के रूप में हुई। आरपीएफ के मुताबिक आरोपी ने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात बताई है।
आरोपी के पास बरामद रेल संपत्ति के संबंध में वैध प्रमाण पत्र मांगा गया, लेकिन वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया।
इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 10/2026, धारा 3 रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत सचिन भारती के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक रामदत्त प्रसाद, आरपीएफ पोस्ट गोण्डा को सौंपी गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मोहम्मद शमीम खान, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद तिवारी, एएसआई सोनू कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल विदेशी गुप्ता तथा सीआईबी के हेड कांस्टेबल बबलू कुमार सिंह शामिल रहे।