गोण्डा- आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं VVPAT की प्रथम स्तरीय जाँच (First Level Checking-FLC) की प्रक्रिया 29 सितंबर 2026 से प्रारंभ की जा रही है। यह प्रक्रिया वीवीपैट वेयरहाउस, कलेक्ट्रेट परिसर, गोण्डा में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL)/इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा संपन्न की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार प्रत्येक निर्वाचन से पूर्व EVM एवं VVPAT की विस्तृत जाँच एवं परीक्षण किया जाता है। केवल FLC में निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने वाले EVM एवं VVPAT का ही निर्वाचन में उपयोग किया जाता है। एफएलसी की संपूर्ण प्रक्रिया एवं निर्धारित मानकों का विस्तृत विवरण भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी Manual on Electronic Voting Machine में उपलब्ध है।
भारत निर्वाचन आयोग के मौजूदा निर्देशों के अनुरूप जनपद में EVM एवं VVPAT की FLC संपन्न कराने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ पूर्ण कर ली गई हैं। प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी।
जिला मुख्यालय पर स्थित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी लिखित रूप से अनुरोध किया गया है कि वे 29 सितंबर 2026 से प्रारंभ होने वाली FLC प्रक्रिया के अवलोकन हेतु अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को नामित करें। संबंधित राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालयों द्वारा अनुरोध पत्र की प्राप्ति की पुष्टि (endorse) भी की जा चुकी है।
