लखनऊ- उप्र विधान परिषद के खण्ड स्नातक की 5 तथा खण्ड शिक्षक की 6 सीटों से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसम्बर 2026 को खत्म होने के कारण रिक्त होने वाली सीटों को भरने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 29 सितम्बर 2026 को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नाम निर्देशनों की संवीक्षा 7 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को कराई जाएगी तथा 31 अक्टूबर 2026 तक निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण करा ली जाएगी।
निर्वाचन के अंतर्गत लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ तथा इलाहाबाद- झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली- मुरादाबाद तथा गोरखपुर- फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उप्र के कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन- 2026 के संदर्भ में कानपुर नगर, कानपुर देहात एवं उन्नाव को छोड़कर उप्र के समस्त जनपदों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आदर्श आचार संहिता भारत निर्वाचन आयोग के 26 दिसम्बर 2016 के संबंधित निर्देशों के अनुरूप प्रभावी रहेगी।
