गौतमबुद्धनगर: फंदे पर लटकी जिंदगी को डायल-112 ने दी नई सांस, पुलिसकर्मियों ने CPR देकर बचाई जान!!
दो टूक//नोएडा। थाना फेस-2 क्षेत्र में डायल-112 की पीआरवी टीम की त्वरित कार्रवाई और पुलिसकर्मियों की मानवीय संवेदनशीलता के चलते आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति की जान बचा ली गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने बिना समय गंवाए व्यक्ति को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल सीपीआर देकर उसकी हालत में सुधार किया। इसके बाद उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति सुरक्षित बताई गई।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को थाना फेस-2 क्षेत्र से डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही पीआरवी रजि. नं. UP32DG9617 निर्धारित रिस्पॉन्स टाइम के भीतर तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचे आरक्षी सुधांशु गुप्ता और आरक्षी अर्जुन कुमार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिसकर्मियों ने व्यक्ति को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और मौके पर ही सीपीआर देना शुरू कर दिया। समय पर मिली प्राथमिक सहायता से व्यक्ति की हालत में सुधार होने लगा।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में उपचार के बाद उसकी स्थिति सुरक्षित बताई गई। प्राथमिक उपचार के उपरांत पुलिस द्वारा की गई काउंसलिंग के दौरान संबंधित व्यक्ति ने भविष्य में ऐसा कोई कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया।
घटना के बाद पीड़ित के परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। परिजनों ने डायल-112 पीआरवी कर्मियों द्वारा समय पर पहुंचकर की गई मदद के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से डायल-112 के माध्यम से आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना में पीआरवी कर्मियों की तत्परता, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।
