गुरुवार, 17 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: फेस-2 पुलिस ने स्नैचिंग गैंग का किया खुलासा, 22 मोबाइल, चोरी की बाइक और दो चाकू बरामद; दो शातिर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: फेस-2 पुलिस ने स्नैचिंग गैंग का किया खुलासा, 22 मोबाइल, चोरी की बाइक और दो चाकू बरामद; दो शातिर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए थाना फेस-2 क्षेत्र में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के स्नैच किए गए 22 मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पहले भी चोरी, लूट, गैंगस्टर, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने भंगेल में गंदे नाले वाली रोड से मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संतोष चौधरी पुत्र भूपेन्द्र चौधरी और फारूख उर्फ सफीया पुत्र रहीस अहमद के रूप में हुई है।

आरोपियों के कब्जे से यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 22 कीमती मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर DL1SAC7054 है, जो थाना फेस-2 में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 135/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित बताई गई है।

कई आपराधिक मामलों में दर्ज है आरोपियों का नाम

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी संतोष चौधरी के खिलाफ थाना सेक्टर-20, सेक्टर-24, फेस-1 और फेस-2 नोएडा में चोरी, माल बरामदगी, एनडीपीएस, आबकारी अधिनियम और आयुध अधिनियम समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं दूसरे आरोपी फारूख उर्फ सफीया के खिलाफ थाना ईकोटेक-3, बिसरख और बदायूं के वजीरगंज थाने में लूट, चोरी, बरामदगी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या से संबंधित धाराओं, मारपीट, आबकारी अधिनियम और आयुध अधिनियम समेत 14 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उनसे बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मोबाइल फोन किन-किन घटनाओं से संबंधित हैं और आरोपी स्नैचिंग की घटनाओं को किस तरह अंजाम देते थे।

थाना फेस-2 पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।।