मऊ :
हलधरपुर थाने में 16 वाहनों की नीलामी,1.34 लाख रुपये राजस्व प्राप्त।।
दो टूक : मऊ जनपद के थानों में लंबे समय से लंबित माल मुकदमाती एवं लावारिस वाहनों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत जनपद मऊ के हलधरपुर थाना परिसर में वाहनों की नीलामी कराई गई। नीलामी प्रक्रिया में 15 दोपहिया और एक चार पहिया वाहन, कुल 16 वाहनों को बोली के माध्यम से नीलाम किया गया।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सदर मऊ मनोज कुमार सिंह तथा थानाध्यक्ष भगवान राम की मौजूदगी में विभिन्न जनपदों से पहुंचे व्यापारियों के समक्ष वाहनों की बोली लगाई गई।
नीलामी से जीएसटी सहित कुल 1,34,100 रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई। पुलिस के अनुसार प्राप्त धनराशि को नियमानुसार राजकोष में जमा कराया जाएगा।
पुलिस विभाग का कहना है कि ऑपरेशन क्लीन के तहत थानों में लंबे समय से लंबित और लावारिस वाहनों के निस्तारण की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी, जिससे थाना परिसरों में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाने के साथ ही राजस्व की प्राप्ति भी सुनिश्चित की जा सके।
