गौतमबुद्धनगर: जीरो पॉइंट पर करोड़ों की लूट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, 10 हजार का था इनाम—नजफगढ़ से दबोचा गया शातिर लुटेरा!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीरो पॉइंट के पास सोने-चांदी के व्यापारी से हुई करीब 1.38 करोड़ रुपये की लूट के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दिल्ली के नजफगढ़ स्थित उसके निवास स्थान से दबोचा।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखबीर पुत्र जगमाल निवासी नंगला डेरी, थाना नजफगढ़, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी थाना बीटा-2 में दर्ज मु0अ0सं0 298/26, धारा 309(4)/317(2)/127(2)/61(2) बीएनएस एवं 3/25 आयुध अधिनियम के तहत वांछित चल रहा था।
रैकी के बाद व्यापारी को बनाया था निशाना
जांच में सामने आया कि आरोपी का एक सक्रिय गिरोह है। गिरोह के सदस्यों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले सोने-चांदी के व्यापारी की रेकी की और इसके बाद ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट के पास लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी सुखबीर लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस ने इस मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों को 5 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया माल बरामद किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 38 लाख रुपये बताई गई थी। हालांकि, सुखबीर पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
फरारी के चलते घोषित हुआ था 10 हजार का इनाम
लगातार फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उच्चाधिकारियों द्वारा उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। थाना बीटा-2 पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। इसी क्रम में लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और 1 सितंबर 2026 को नजफगढ़, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई को करोड़ों रुपये की लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
सुखबीर पुत्र जगमाल, निवासी नंगला डेरी, थाना नजफगढ़, दिल्ली।
पंजीकृत अभियोग:
मु0अ0सं0 298/26, धारा 309(4)/317(2)/127(2)/61(2) बीएनएस एवं 3/25 आयुध अधिनियम, थाना बीटा-2, गौतमबुद्धनगर।।
