उन्नाव :
महिला से छिनैती करने वाले दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार,लूटा का पर्स, जेवर और नकदी बरामद।।
पुलिस ने छिनैती की वारदात का 24 घण्टे मे घटना का किया खुलासा।।
दो टूक : उन्नाव जनपद के थाना सफीपुर क्षेत्र मे एक महिला से हुई हैण्ड पर्स छिनैती का खुलासा करते हुए पुलिस टीम ने दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर घटना का 24 घण्टे मे खुलासा करते हुए गिरफ्तार लुटेरों के पास से लूट का माल बरामद किया। गिरफ्तार युवकों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सफीपुर पुलिस ने छिनैती की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला का लूटा गया पर्स, जेवर, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर थाना सफीपुर में मु0अ0सं0 338/2026 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में थाना सफीपुर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घटना का सफल अनावरण कर दिया।
उपनिरीक्षक अशोक कुमार सरोज अपनी पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर ग्राम देवगांव स्थित देशी शराब ठेके से लगभग 200 मीटर आगे सड़क के पास पहुंचे, जहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष उर्फ छोटू (24 वर्ष) पुत्र फकीरेलाल तथा अखिलेश (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय देवीचरन, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना फतेहपुर चौरासी, जनपद उन्नाव के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक महिला का पर्स, जिसमें सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, पीली धातु की एक अंगूठी और 2,865 रुपये नकद मिले, बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (बिना नंबर) भी बरामद कर ली गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सुभाष उर्फ छोटू के खिलाफ पहले से भी थाना फतेहपुर चौरासी में मु0अ0सं0 397/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज है, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की भी पुष्टि होती है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार सरोज, हेड कांस्टेबल अंजनी पांडेय, सुनील कुमार, कांस्टेबल राजकुमार भाटी, प्रदीप तिवारी तथा देवेंद्र शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
