मंगलवार, 11 अगस्त 2026

सुल्तानपुर : विद्यालयों में निकली तिरंगा रैली, गूंजे देशभक्ति के नारे।||Sultanpur: Tricolour rallies were held in schools, with patriotic slogans echoing.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर : 
विद्यालयों में निकली तिरंगा रैली, गूंजे देशभक्ति के नारे।।
दो टूक : हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में तिरंगा रैली निकाली गई। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया।
श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान, जवाहरलाल स्मारक इंटर कॉलेज गरयें, नेशनल इंटर कॉलेज कादीपुर, पंडित रामबली मिश्र श्री शोभाराम राष्ट्रीय इंटर कॉलेज चंदीपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सराय कांदीपुर, राजकीय बालिका हाईस्कूल महमूदपुर जंगल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कादीपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज अमिलिया सिकरा, जीएचएस इस्माइलपुर कूरेभार और पीएम श्री केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज समेत अन्य विद्यालयों में रैली निकाली गई।
विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकालकर देशभक्ति के नारे लगाए। तिरंगे के साथ निकली रैली से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। रैली के बाद विद्यार्थियों ने सामूहिक गतिविधियों में हिस्सा लिया और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संकल्प लिया।
विद्यालयों में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संविधान में निहित मूल्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अनेक वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान को याद रखते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव बनाए रखने तथा राष्ट्रध्वज का सदैव सम्मान करने का संकल्प लिया।