सुल्तानपुर :
खेत में मौत बनकर दौड़ा करंट, झटका मशीन की चपेट में आए किशोर की मौत।
प्रशासन ने झटका मशीनें हटाने के दिए सख्त निर्देश।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद बल्दीराय तहसील क्षेत्र के हलियापुर थाना अंतर्गत पूरे नोखे मजरे मेघमऊ गांव में खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन एक 16 वर्षीय किशोर की मौत का कारण बन गई। किशोर की मौत से घर मे कोहराम मच गया। सूचना पर पहुची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई मे जुटी हुई है। आए दिन हो रहे हादसों से प्रशासन ने झटका मशीनें हटाने के सख्त निर्देश दिए है।
विस्तार :
थाना हलियापुर क्षेत्र पूरे नोखे मजरे मेघमऊ गांव में रविवार सुबह चरी के खेत में गए आर्यन तिवारी करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक आर्यन घर के सामने स्थित चरी के खेत में गए थे। आरोप है कि खेत के किनारे लगी झटका मशीन में बिजली का तार जुड़ा हुआ था। इसी दौरान आर्यन तार के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बल्दीराय तहसीलदार सुनील कुमार, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार तथा हलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किशोर की मौत के बाद प्रशासन ने खेतों में लगाए जा रहे झटका मशीनों को लेकर सख्ती शुरू कर दी है।
●बल्दीराय एसडीएम प्रभात सिंह ने तहसील क्षेत्र के किसानों से खेतों में लगाई गई झटका मशीनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं उन्होंने चेतावनी दी है कि जांच के दौरान किसी भी खेत में झटका मशीन लगी मिली तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
