सुल्तानपुर :
दो मासूम की मौतों ने खोली स्थानीय प्रशासन की आंखें, खेतों से उतरी ‘मौत की मशीन।।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के जयसिंहपुर खेतों में फसलों की सुरक्षा के लिए लगाई जा रही ‘झटका मशीनें’ अब जानलेवा साबित होने लगी हैं। दो दिनों के भीतर करंट की चपेट में आने से दो लोगों की मौत के बाद तहसील प्रशासन और पुलिस ने रविवार को अभियान चलाकर खेतों में लगी झटका मशीनों को हटवाना शुरू कर दिया।
विस्तार :
ग्रामीण इलाकों में आवारा जानवरो से फसलों की सुरक्षा के लिए किसानों ने रिस्क भरा कदम उठाते हुए करंट वाली झटका मशीन लगा रखा है जो बच्चों के लिए काल बन गई एक के बाद एक मासूम बच्चों की झटक मशीन से मौत होने के बाद प्रशासन मे हड़कंप मच गया। रविवार को तहसील प्रशासन हरकत मे आया झटका मशीन के खिलाफ अभियान चलाकर हटवाया। इस अभियान के दौरान प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों ने कई गांवों में पहुंचकर खेतों में करंट प्रवाहित करने वाली मशीनों को अपनी मौजूदगी में हटवाया। साथ ही किसानों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि दोबारा खेतों में ऐसी मशीनें न लगाई जाएं, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के दियरा गांव में नायब तहसीलदार रूबी यादव और मोतीगरपुर थाना प्रभारी अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम ने खेतों में लगी झटका मशीनें हटवाईं और किसानों को इसके खतरनाक परिणामों के प्रति जागरूक किया।
इसी क्रम में बरसोमा गांव में तहसीलदार मयंक मिश्र और जयसिंहपुर कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय की मौजूदगी में खेतों से झटका मशीनें हटवाई गईं। इसके अलावा तहसील क्षेत्र के अन्य गांवों में भी राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमों ने अभियान चलाया।
उपजिलाधिकारी जयसिंहपुर संदीप यादव ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर झटका मशीनों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। खेतों में करंट प्रवाहित करने वाली ऐसी मशीनों के कारण गंभीर हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और खेतों में झटका मशीन लगाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दो दिनों में दो मौतों के बाद प्रशासन की सख्ती से किसानों में हड़कंप है। अब देखना होगा कि खेतों में जानलेवा करंट के इस्तेमाल पर प्रशासन की यह कार्रवाई कितनी प्रभावी साबित होती है।
राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमों ने कई गांवों में हटवाई करंट वाली मशीनें, दोबारा लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी।
