लखनऊ :
गोमतीनगर थाने मे तैनात सिपाही ने बैरक में फांसी लगाकर की खुदकुशी, ड्यूटी के दौरान मचा हड़कंप।।
2019 बैच के आरक्षी आकाश यादव थाना परिसर में ही रहते थे, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाने के परिसर स्थित बैरक में रविवार को तैनात एक आरक्षी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरक्षी थाना परिसर में ही बने पुरुष बैरक में रहते थे। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार :
गोमतीनगर इंस्पेक्टर बृजेशचंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5:45 बजे बैरक में रह रहे आरक्षी सतीश खरवार ने प्रभारी निरीक्षक को सूचना दी कि पुरुष बैरक के ऊपरी तल पर स्थित एक कमरा अंदर से बंद है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया और वीडियोग्राफी के बाद बैरक का दरवाजा खुलवाया गया, जहां आरक्षी आकाश यादव पुत्र अनिल यादव अचेत अवस्था में पाए गए।
पुलिस टीम ने तत्काल उन्हें नीचे उतारकर उपचार के लिए लोहिया चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि आकाश यादव वर्ष 2019 बैच के आरक्षी थे और करीब दो वर्षों से गोमतीनगर थाने में तैनात थे। वर्तमान में वह क्राइम टीम में कार्यरत थे और थाना परिसर स्थित बैरक में ही रहते थे।
पुलिस के अनुसार घटना से पहले उन्होंने अपने साथ काम करने वाले एक आरक्षी से फोन पर बातचीत भी की थी। घटना के कारणों को लेकर फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। उनका मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
मृतक आरक्षी मूल रूप से ग्राम खेड़की, पोस्ट बाबरपुर, थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर के निवासी थे। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर या आरोप मिलने पर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
