लखनऊ:
तालकटोरा में महिला से कान की बाली झपटकर फरार हुए तीन बदमाश, CCTV से तलाश तेज।।
काली बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना तालकटोरा क्षेत्र में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब काली मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाश एक महिला के कान की बाली झपटकर फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़िता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तालकटोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
विस्तार:
मिली जानकारी के अनुसार, अशरफनगर, आलमनगर निवासी सुषमा पत्नी उदय भान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार 09 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे वह क्षेत्र में थीं। इसी दौरान काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने झपट्टा मारकर उनके बाएं कान की बाली छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तालकटोरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पीड़िता से घटना की जानकारी ली। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस।।
घटना के खुलासे और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तालकटोरा पुलिस ने टीम गठित की है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और विश्लेषण किया जा रहा है। फुटेज व अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही घटना का अनावरण किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
