लखनऊ :
SSB जवानों ने निकाली तिरंगा साइकिल रैली,जय हिन्द के घोष से गूंजा इलका।।
दो टूक : हर घर तिरंगा अभियान–2026 के तहत बुधवार को G-20 रोड, गोमतीनगर में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की ओर से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, लखनऊ एवं चतुर्थ वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, मोहनलालगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली में अधिकारियों, जवानों तथा महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।
विस्तार :
बुधवार को लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र G-20 चौराहे पर सशस्त्र सीमा बल के जवानों के द्वारा हर घर तिरंगा यात्रा अभियान के तहत तिरंगा साईकिल यात्रा निकाल कर देश भक्ति का अलख जगाया।
कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती मीनू चौधरी, भा.पु.से., महानिरीक्षक के दिशा-निर्देशन में, राजेश ठाकुर, उप-महानिरीक्षक (प्रशासन) के नेतृत्व तथा श्री ललित कुमार, उप-कमांडेंट, चतुर्थ वाहिनी की देखरेख में हुआ।
साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता तथा देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया। तिरंगे के साथ निकली रैली ने लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने तिरंगे की आन, बान और शान बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है।
रैली के माध्यम से आमजन से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति गौरव एवं सम्मान की भावना को मजबूत करने की अपील की गई।
हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा।
