गौतमबुद्धनगर: जेब में रखा Samsung मोबाइल बना ‘बम’, अचानक धमाके से युवक के दोनों हाथ और प्राइवेट पार्ट्स झुलसे!!
एक महीने पहले ग्रैंड वेनिस मॉल से खरीदा था फोन, पीड़ित ने मोबाइल की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर उठाए सवाल
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। दनकौर क्षेत्र के पीपलका गांव से मोबाइल फोन में अचानक धमाका होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गाजियाबाद से दनकौर लौट रहे 26 वर्षीय माजिद की जेब में रखा Samsung मोबाइल अचानक गर्म हुआ और देखते ही देखते उसमें से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर बाद मोबाइल तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके के बाद युवक के कपड़ों में आग लग गई, जिससे उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए। जेब में मोबाइल रखा होने के कारण शरीर के निचले हिस्से और प्राइवेट पार्ट्स में भी गंभीर झुलसने की चोटें आई हैं। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना 8 अगस्त की है। माजिद गाजियाबाद से दनकौर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी जेब में रखा मोबाइल अचानक गर्म होने लगा। युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही फोन से धुआं निकलने लगा और तेज धमाके के साथ मोबाइल फट गया। धमाके से उसके कपड़ों में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी मदद की और आग बुझाने के बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
एक महीने पहले खरीदा था Samsung मोबाइल
पीड़ित के परिजनों के मुताबिक, माजिद ने यह Samsung मोबाइल करीब एक महीने पहले ग्रैंड वेनिस मॉल स्थित डीजी कॉम स्टोर से खरीदा था। उनका कहना है कि फोन को सामान्य तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा था और हादसे से पहले उसमें किसी तरह की खराबी सामने नहीं आई थी।
हादसे के बाद पीड़ित ने मोबाइल की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब फोन सामान्य इस्तेमाल के दौरान जेब में ही अचानक फट गया और इससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया, तो मोबाइल की सुरक्षा और बैटरी की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए।
बैटरी में खराबी या शॉर्ट सर्किट, जांच के बाद खुलेगा राज
फिलहाल मोबाइल में धमाका होने की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती तौर पर बैटरी में तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्म होने जैसी संभावनाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, डिवाइस और बैटरी की तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आखिर मोबाइल में धमाका किस वजह से हुआ।
इस घटना ने मोबाइल फोन की गुणवत्ता और बैटरी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर जेब में रखे मोबाइल के अचानक गर्म होकर धुआं छोड़ने और फिर धमाके के साथ फटने की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
अब तकनीकी जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मोबाइल में आई खराबी का कारण क्या था और क्या फोन की बैटरी या डिवाइस में किसी तरह की तकनीकी खामी मौजूद थी।।
