गुरुवार, 13 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: त्योहार की मिठास में निकली घिनौनी हकीकत: घेवर के अंदर मिला मरा हुआ कॉकरोच, वीडियो वायरल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: त्योहार की मिठास में निकली घिनौनी हकीकत: घेवर के अंदर मिला मरा हुआ कॉकरोच, वीडियो वायरल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दनकौर में नामी मिठाई की दुकान से खरीदे घेवर को लेकर मचा हड़कंप, पीड़ित ने खाद्य विभाग में की शिकायत; जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। दनकौर क्षेत्र में त्योहार के मौके पर मिठाई खरीदने वाले एक परिवार के उस वक्त होश उड़ गए, जब घर पहुंचकर घेवर का डिब्बा खोला तो उसके अंदर मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दिया। त्योहार की खुशियों के बीच सामने आई इस घटना ने मिठाई की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, धनोरी गांव निवासी विजयपाल सिंह ने दनकौर कस्बे की एक नामी मिठाई की दुकान से त्योहार के लिए घेवर खरीदा था। घर पर परिवार के साथ जब मिठाई का डिब्बा खोला गया तो घेवर के अंदर मरा हुआ कॉकरोच देखकर परिजन हैरान रह गए। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिसके बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों की बिक्री बढ़ जाती है, ऐसे में दुकानदारों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। यदि खाद्य पदार्थ तैयार करने और रखने के दौरान साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा गया तो यह सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित विजयपाल सिंह ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद अब लोगों की नजर खाद्य विभाग की कार्रवाई पर है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित दुकान का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, मिठाई के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाए और यदि शिकायत सही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।

त्योहारों के बीच सामने आए इस मामले ने एक बार फिर मिठाई की दुकानों पर स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और विभागीय निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि खाद्य विभाग इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और जांच में क्या सामने आता है।