गौतमबुद्धनगर: मासूम की चीखों से गूंजी लिफ्ट, 30 मिनट तक फंसी रही महिला-बच्ची; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली हवेलिया वैलेंसिया होम्स सोसायटी में लिफ्ट में महिला और मासूम बच्ची के फंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पावर कट के चलते लिफ्ट 12वीं और 13वीं मंजिल के बीच अचानक रुक गई। लिफ्ट में मौजूद मासूम बच्ची घबराकर रोने लगी, जिसके बाद महिला ने मदद के लिए प्रयास किया।
बताया गया कि लिफ्ट के अंदर फंसने के बाद करीब 30 मिनट तक दोनों बाहर नहीं निकल सके। इस दौरान इमरजेंसी अलार्म के काम नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है। काफी देर बाद मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची और महिला व बच्ची को लिफ्ट से सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोसायटी के निवासियों में लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का सवाल है कि यदि किसी आपात स्थिति में लिफ्ट बंद हो जाए तो अंदर फंसे लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाने के लिए लगाए गए इमरजेंसी सिस्टम कितने प्रभावी हैं।
घटना के दौरान बच्ची के घबराकर रोने से महिला भी परेशान नजर आई। गनीमत रही कि करीब आधे घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहने के बावजूद दोनों को किसी तरह की शारीरिक चोट नहीं आई।
वहीं, घटना के बाद सोसायटी की AOA (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) की ओर से बताया गया है कि पावर कट के कारण लिफ्ट रुकी थी। AOA का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए लिफ्ट की तकनीकी जांच दोबारा कराई जाएगी, ताकि किसी भी तकनीकी कमी को दूर किया जा सके।
वीडियो वायरल होने के बाद अब सोसायटी के निवासियों ने लिफ्ट की इमरजेंसी अलार्म, बैकअप पावर, संचार व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच कराने की मांग उठाई है। खासकर ऊंची मंजिलों वाली सोसायटियों में लिफ्ट रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा हैं, ऐसे में आपात स्थिति में लिफ्ट के भीतर फंसे लोगों को तत्काल सहायता मिलना बेहद जरूरी है।
फिलहाल इस घटना ने बिसरख थाना क्षेत्र की हवेलिया वैलेंसिया होम्स सोसायटी की लिफ्ट सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। AOA की तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लिफ्ट में पावर कट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में क्या कमी रही और भविष्य में ऐसी घटना को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।।
