रायबरेली :
सावन के पहले सोमवार को प्राचीन भवरेश्वर मंदिर में उमड़ेगे श्रद्वालु।
दो टूक : तीन जनपद के सीमाओं के सईं नदी तट पर स्थित प्रसिद्ध भंवरेश्वर महादेव मंदिर में सावन के सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
विस्तार :
मंदिर समिति के अध्यक्ष सुनील बाबा ने बताया कि रविवार रात 12 बजे के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे और रात एक बजे से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण इस सोमवार भी स्पर्श दर्शन नहीं होंगे। श्रद्धालुओं को केवल सामान्य दर्शन बाहर से ही शिवलिंग पर जलाभिषेक की व्यवस्था रहेगी, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। सईं नदी में स्नान करने वालों की सुरक्षा के लिए झाल लगाई गई हैं तथा एनडीआरएफ की टीम तीन नावों के साथ तैनात रहेगी। मंदिर परिसर से लेकर बाहरी क्षेत्र तक 40 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और किसी भी गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ, उन्नाव और रायबरेली पुलिस ने अपनी-अपनी सीमा पर चेक पोस्ट स्थापित कर दिए हैं, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
निगोहां में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 29 अगस्त तक बंद रहेंगी मीट-मछली की दुकानें
मोहनलालगंज।सावन मास और कांवड़ यात्रा को लेकर निगोहां पुलिस ने क्षेत्र के मीट, मछली, मुर्गा और अंडे के कारोबारियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। एसओ रविंद्र कुमार की ओर से जारी नोटिस के अनुसार 30 जुलाई से 29 अगस्त तक कांवड़ मार्ग और उससे जुड़े संपर्क मार्गों पर स्थित सभी कच्ची व पक्की मीट, मछली, मुर्गा और अंडे की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
पुलिस के अनुसार इस अवधि में दुकानों और प्रतिष्ठानों के भीतर मांसाहारी खाद्य पदार्थों का भंडारण, प्रदर्शन और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल और ढाबों में भी केवल शाकाहारी भोजन परोसने की अनुमति होगी। प्रतिष्ठानों के सामने तिरपाल या कपड़े से ढकने के भी निर्देश दिए गए हैं।इसके अलावा बिना वैध लाइसेंस के सड़क किनारे लगने वाले नॉनवेज के ठेले और अस्थायी दुकानें भी तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दी गई हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकान सील कर लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।पुलिस ने सभी व्यापारियों से प्रशासन का सहयोग करने और कांवड़ यात्रा के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
