गौतमबुद्धनगर: बरौला के PG में 19 वर्षीय महक की धारदार हथियार से हत्या, साथी रमन पर वारदात को अंजाम देने का आरोप; वारदात के बाद फरार!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव स्थित एक पीजी में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में धारदार हथियार से हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान महक के रूप में हुई है, जो मूलरूप से असम की रहने वाली थी और करीब तीन सप्ताह पहले नौकरी की तलाश में नोएडा आई थी। पुलिस के मुताबिक, पीजी में रहने के दौरान उसकी रमन नामक युवक से दोस्ती हुई थी। हत्या के बाद से रमन फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बरौला गांव के एक पीजी में महक का लहूलुहान शव रमन के कमरे से बरामद हुआ। उसके शरीर पर चोटों के साथ धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। शराब पीने को लेकर विवाद के बाद हत्या किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी किसी एक वजह को अंतिम रूप नहीं दे रही है।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी रमन कमरे पर बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोबाइल और चैट से खुलेंगे हत्या के राज
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल और चैट की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या से पहले महक की किन लोगों से बातचीत हुई थी और घटना के समय उसके साथ कमरे में कौन मौजूद था। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रमन मूलरूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। हत्या के बाद उसके फरार होने के चलते पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आरोपी के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर युवती की मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम स्पष्ट होगा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद बरौला क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी कहानी और विवाद की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।।
