रविवार, 30 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: चोटपुर-छिजारसी में बिजली व्यवस्था पर NCF का बड़ा सवाल, उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: चोटपुर-छिजारसी में बिजली व्यवस्था पर NCF का बड़ा सवाल, उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

वैध कनेक्शन और नियमित बिल भुगतान के बावजूद उपभोक्ताओं को परेशान किए जाने का आरोप, जनप्रतिनिधियों से मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने की अपील

दो टूक//नोएडा, 30 अगस्त 2026। सेक्टर-63 स्थित चोटपुर कॉलोनी एवं छिजारसी गांव में विद्युत व्यवस्था को लेकर नौएडा सिटीजन फोरम (NCF) ने गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। NCF की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सिंह ने रविवार को दोनों क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति, मीटर, कनेक्शन, बिलिंग, बिजली चोरी और उपभोक्ताओं की समस्याओं की जानकारी ली।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने NCF के प्रतिनिधियों के सामने बिजली व्यवस्था से जुड़ी कई शिकायतें रखीं। कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके पास वैध विद्युत कनेक्शन हैं और वे नियमित रूप से बिजली के बिलों का भुगतान भी कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें कनेक्शन काटे जाने और विद्युत आपूर्ति बाधित होने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

NCF की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि बिजली चोरी और सरकारी राजस्व को होने वाला नुकसान गंभीर विषय है, लेकिन इसके साथ यह भी सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि बिजली चोरी के वास्तविक दोषियों पर ही कार्रवाई हो और वैध कनेक्शन लेकर नियमित रूप से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को किसी सामूहिक कार्रवाई का खामियाजा न भुगतना पड़े।

उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों या किसी अन्य प्रभावशाली व्यक्ति की कथित मिलीभगत के कारण बिजली चोरी अथवा सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर वास्तविक जिम्मेदार लोगों की पहचान की जानी चाहिए। जांच के दौरान किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

शालिनी सिंह ने मांग की कि चोटपुर कॉलोनी और छिजारसी क्षेत्र के पिछले कई वर्षों के विद्युत मीटर, कनेक्शन, बिलिंग रिकॉर्ड, विद्युत खपत, जमा राजस्व तथा लाइन लॉस और बिजली चोरी से संबंधित आंकड़ों का स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए। प्रत्येक कनेक्शन और मीटर की स्थिति की अलग-अलग जांच कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन वैध हैं और जो नियमित रूप से अपने बिजली बिलों का भुगतान कर रहे हैं, उनके साथ मानवीय एवं न्यायपूर्ण दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए। ऐसे उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल करने के साथ नियमों और मानकों के अनुरूप आवश्यक होने पर नए विद्युत मीटर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

जनप्रतिनिधियों से भी मौके पर पहुंचने की अपील

NCF ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे केवल कागजी रिपोर्ट पर निर्भर न रहें, बल्कि चोटपुर कॉलोनी एवं छिजारसी में स्वयं मौके पर पहुंचकर विद्युत व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लें और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनें। संस्था का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के प्रत्यक्ष निरीक्षण से जमीनी हकीकत सामने आने में मदद मिलेगी।

शालिनी सिंह ने कहा कि NCF इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं शासन के समक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग रखेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था का उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति को बचाना नहीं, बल्कि बिजली चोरी और अनियमितताओं के वास्तविक मामलों को सामने लाने के साथ-साथ ईमानदार एवं वैध उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना है।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर NCF आगे भी अपनी आवाज मजबूती से उठाता रहेगा। संस्था पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित आधारित प्रशासन के लिए संबंधित विभागों एवं शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखेगी।

नौएडा सिटीजन फोरम (NCF) ने कहा कि वह क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याओं के समाधान और विद्युत व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक स्तर तक इस मुद्दे को उठाता रहेगा।