मऊ :
हकीकतपुरा कम्पोजिट विद्यालय की बदहाल व्यवस्था पर आप ने उठाए सवाल।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के हकीकतपुरा स्थित कम्पोजिट विद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाते हुए सुधार की मांग की है। गुरुवार को आप जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विद्यालय का जनहित निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं में कई कमियां मिलने का दावा किया गया।
विस्तार:
आप नेताओं के मुताबिक, विद्यालय के बच्चों के शौचालयों में गंदगी मिली। वहीं बच्चों से सफाई कराने और बर्तन धुलवाने की शिकायत भी सामने आई। निरीक्षण के दौरान कुछ बच्चे कक्षाओं में पढ़ाई करने के बजाय विद्यालय परिसर में बाहर घूमते मिले।
आप जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने आरोप लगाया कि शिक्षकों की कमी के चलते एक ही कक्षा में दो कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। विद्यालय में चपरासी और सफाईकर्मी की व्यवस्था नहीं होने से साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को भी बेहतर शिक्षा, स्वच्छ वातावरण और जरूरी मूलभूत सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। बच्चों से सफाई और बर्तन धुलवाने की शिकायत की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक और आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती की मांग की गई।
विक्रम जीत सिंह ने कहा कि मऊ जनपद में आम आदमी पार्टी का जनहित सरकारी विद्यालय निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभिन्न विद्यालयों में सामने आने वाली कमियों को तथ्य और प्रमाण के साथ संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके समाधान की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा, “जनहित सर्वोपरि है और बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। सरकारी विद्यालयों में सुधार होने तक निरीक्षण और संघर्ष जारी रहेगा।”
निरीक्षण के दौरान ए.के. सहाय, अवधेश मौर्य, अरमान खान, विंध्याचल मौर्य, मनजीत यादव समेत आम आदमी पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
