मऊ :
रक्षाबंधन पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र,नशामुक्ति का कराया संकल्प।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ मे रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र, मऊ की ओर से विभिन्न संस्थानों में आध्यात्मिक एवं सामाजिक सद्भाव से जुड़ा रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने लोगों को रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराते हुए रक्षा सूत्र बांधा और नशामुक्त जीवन जीने का सकारात्मक संकल्प कराया।
कार्यक्रम के क्रम में बाल संप्रेषण गृह में सभी किशोरों, अधीक्षक संजय कुमार एवं अन्य स्टाफ को रक्षाबंधन का आध्यात्मिक रहस्य बताया गया। सभी को नशे से दूर रहने तथा सकारात्मक जीवन अपनाने का संकल्प कराया गया। इसके बाद रक्षा सूत्र बांधकर मुंह मीठा कराया गया और ईश्वरीय सौगात भेंट की गई।
इसी क्रम में फातिमा हॉस्पिटल की मुख्य प्रशासिका रोहिया सिस्टर रोजिया, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रोजिया एवं अन्य चिकित्सकों तथा स्टाफ को रक्षा सूत्र बांधा गया। एस.सी. तिवारी हॉस्पिटल के मरीजों एवं स्टाफ, स्वस्तिका आई एवं डेंटल केयर हॉस्पिटल, रोडवेज के डॉक्टरों एवं कर्मचारियों को भी रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन का आध्यात्मिक संदेश दिया गया।
वहीं रेलवे परिसर में स्टेशन अधीक्षक सचिन कुमार पटेल सहित अधिकारी-कर्मचारियों तथा रेलवे हॉस्पिटल के सीनियर डीएमओ डॉ. पुनीत कुमार राव को भी ब्रह्माकुमारी बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा, मुंह मीठा कराया और ईश्वरीय सौगात प्रदान की।
इस अवसर पर बी.के. पूनम बहन, बी.के. सौम्या बहन, बी.के. एकता बहन, विवेकानंद भाई, पंकज भाई सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।
