लखनऊ :
झूठे वादों में निकली शादी की बात,
इल्जामों में बीती दो साल की रात, रिपोर्ट दर्ज।।
शादी का झांसा, गर्भपात और धर्म परिवर्तन का दबाव? युवती के आरोप पर मुकदमा दर्ज।
दो टूक : राजधानी के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने अपने सहकर्मी युवक पर शादी का झांसा देकर करीब दो वर्षों तक यौन शोषण करने, गर्भवती होने पर दवा खिलाकर गर्भपात कराने और शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद आखिरकार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
पीड़िता पीजीआई थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है और मोहनलालगंज कस्बे में किराये के मकान में रहकर निजी नौकरी करती है। तहरीर के मुताबिक, साथ काम करने के दौरान उसकी पहचान मो. रिहान पुत्र रमजान, निवासी भिटहरा, जगसेनदा, फतेहपुर, बाराबंकी से हुई थी। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और करीब दो वर्षों तक उसका शोषण करता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान वह करीब तीन माह की गर्भवती हो गई। आरोप के मुताबिक, युवक ने उसे जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने के बाद ही शादी करने की बात कही। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता के अनुसार, इसके बाद आरोपी उसे छोड़कर सूरत चला गया। युवती का दावा है कि वह न्याय की गुहार लेकर करीब 16 दिनों तक मोहनलालगंज कोतवाली के चक्कर काटती रही, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उसने पुलिस के उच्चाधिकारियों से भी शिकायत कर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की।
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता को दोबारा थाने बुलाया और उसकी तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
●पुलिस का अपना पक्ष भी सामने आया है।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक, पूर्व में शिकायत मिलने पर मामले की जांच की गई थी। जांच के दौरान दोनों के बीच पहले से दोस्ती और साथ रहने की बात सामने आई थी तथा उस समय लगाए गए आरोप प्रथमदृष्टया पुष्ट नहीं पाए गए थे। पुलिस के अनुसार, महिला के पूर्व से शादीशुदा होने की बात भी सामने आई है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि अब महिला को दोबारा थाने बुलाया गया है। उसके बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विवेचना साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
फिलहाल युवती द्वारा लगाए गए यौन शोषण, गर्भपात, धर्म परिवर्तन के दबाव, मारपीट और धमकी जैसे गंभीर आरोपों की वास्तविकता विवेचना पूरी होने और साक्ष्यों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
