मऊ :
हर-हर महादेव के जयकारों संग बाबा धाम के लिए रवाना हुआ कांवरियों का जत्था।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज में सावन माह की भक्ति और आस्था के बीच मंगलवार की सुबह कोपागंज विकासखंड के देवकली गांव से कांवरियों का एक जत्था बाबा धाम के लिए रवाना हुआ। जत्थे में बेचू यादव, मनोज, अमन सहित करीब आधा दर्जन श्रद्धालु शामिल रहे। रवाना होने से पहले कांवरियों ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
बताया गया कि गांव से प्रत्येक वर्ष कांवरियों का दल बाबा धाम की यात्रा पर जाता है। परंपरा के अनुसार इस बार भी कांवरियों ने कस्बे के थाना के पास स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद गौरीशंकर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन किया और बाबा भोलेनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए देवघर रवाना हुए।
कांवरियों ने कहा कि देवघर की पावन धरती पर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सावन में बाबा धाम की यात्रा मन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करती है। भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं और उनकी कृपा सदैव बनी रहती है।
कांवरियों के रवाना होने के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। यात्रा से लौटने के बाद अब उन्हें अगले सावन का बेसब्री से इंतजार रहेगा।
