मऊ :
महिला से चेन स्नैचिंग करने वाला लुटेरा गिरफ्तार,माल,व तमंचा बरामद।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना सराय लखंसी इलाके मे महिला से लाकेट छीनने कर भागने वाले लुटेरे को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर बदमाश के लाकेट के साथ तमंचा-कारतूस व बाइक बरामद किया।
पुलिस टीम ने CCTV और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की सहायता से घटना का खुलासा किया।
विस्तार :
सरायलखंसी थाना पुलिस ने महिला के गले से झपट्टा मारकर लाकेट छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से महिला से छीना गया पीली धातु का लाकेट, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को अम्बेडकर प्रतिमा, खालिसपुर मेन रोड के पास बाइक सवार बदमाश ने रास्ते से जा रही महिला के गले पर झपट्टा मारकर उसका लाकेट छीन लिया था। घटना के संबंध में पीड़िता की तहरीर पर थाना सरायलखंसी में मु0अ0सं0 275/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाला। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। मंगलवार 11 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डोडापुर मोड़ के पास घेराबंदी कर सतीश कुमार पुत्र सुरेश राम, निवासी लैरोदोनवार, थाना कोपागंज, मऊ को गिरफ्तार कर लिया।
जेब से बरामद हुआ छीना गया लाकेट
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की तलाशी ली तो उसकी पैंट की जेब से महिला से छीना गया पीली धातु का लाकेट बरामद हुआ। इसके अलावा उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक भी बरामद कर ली।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
पहले से भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार सतीश कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना कोपागंज में मु0अ0सं0 039/25, धारा 115(2), 351(2), 352 एवं 64 बीएनएस के तहत पूर्व से मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम ने गिरफ्तार शातिर लुटेरे के पास से महिला से छीना गया पीली धातु का लाकेट
.315 बोर का अवैध तमंचा,एक जिंदा कारतूस,बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद किया है।
